चिलरीकला के सरपंच पद का मतदान 09 दिसम्बर को
निर्विघ्न निर्वाचन सम्पन्न कराने सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं जोनल अधिकारी नियुक्त
सीधी-पंचायतों के उप निर्वाचन 2024 (उत्तरार्द्ध) के दौरान जनपद पंचायत सीधी के अंतर्गत ग्राम पंचायत चिलरीकला के सरपंच पद का मतदान दिनांक 09.12.2024 को प्रातः 7 बजे से दोपहर 03 बजे तक होगा। मतदान दलों को मतदान सामग्री एवं ई.व्ही.एम. खण्ड मुख्यालय सीधी से दिनांक 08.12.2024 को प्रातः 8 बजे से वितरण किया जावेगा तथा सामग्री वितरण उपरान्त मतदान दलों को उसी दिन मतदान केन्द्रों के लिये विशेष वाहन द्वारा प्रस्थान किया जावेगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) ने आदेश जारी कर मतदान सामग्री वितरण, मतदान सामग्री के वापसी एवं मतदान केन्द्रों पर शांति व्यवस्था बनाये रखने एवं निर्विघ्न रूप से मतदान कार्य सम्पन्न कराये जाने हेतु अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं जोनल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जारी आदेशानुसार चिलरी कला के लिए राकेश शुक्ला तहसीलदार चुरहट को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है तथा डी.के. द्विवेदी सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को जोनल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जोनल अधिकारी निर्धारित मतदान केन्द्र भवनों का तत्काल निरीक्षण कर निरीक्षण प्रतिवेदन तहसीलदार एवं रिटर्निंग आफिसर जनपद पंचायत सीधी को प्रस्तुत करेंगे तथा मतदान सामग्री वितरण दिनांक को नियत समय से एक घन्टे पूर्व सामग्री वितरण स्थल पर उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगे।



