युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए तीन नाम तय, देवेंद्र सिंह दादू तीसरे स्थान पर

मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। कुल 19 उम्मीदवारों के बीच हुए इस लोकतांत्रिक मुकाबले में तीन नाम आगे आए हैं जिसमें यश घनघोरिया, अभिषेक परमार एवं देवेंद्र सिंह दादू है।इन तीनों उम्मीदवारों का चयन अंतिम दौर के लिए किया गया है। अब आगामी 9 नवंबर को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में इनका साक्षात्कार (इंटरव्यू) राहुल गांधी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष होगा। इसके बाद प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी।मध्य प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहे सीधी जिले के पूर्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह दादू ने इस उपलब्धि पर अपने समर्थकों, सहयोगियों एवं शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “यह हम सभी युवाओं के लिए गर्व का अवसर है। मैं संगठन, युवाओं और कांग्रेस की विचारधारा के लिए सदैव समर्पित रहूँगा। पद कोई भी हो, लक्ष्य हमेशा एक — जनता की आवाज़ को सशक्त बनाना।” देवेंद्र सिंह दादू ने इस चुनाव में अपनी सादगी, संगठनात्मक प्रतिबद्धता और युवाओं के बीच लोकप्रियता के बल पर एक मजबूत उपस्थिति दर्ज की है और वह सीधी जिले से पहले ऐसे व्यक्ति है जो मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के लिए नॉमिनेट हुए हैं। अब सभी की निगाहें 9 नवंबर को होने वाले दिल्ली इंटरव्यू पर टिकी हैं, जहाँ से तय होगा कि मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस की कमान किसके हाथों में जाएगी।



