भगवान राम के आदर्शों को अपनाने से धन्य हो जाता है जीवन-निलेश

सीधी शहर के हृदय स्थल पूजा पार्क में संगीतमय श्रीराम कथा ज्ञानयज्ञ दिनांक 7 नवंबर 2025 दिन शुक्रवार को विशाल कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हो चुकी है। श्रीधाम अयोध्या से पधारे कथा के सरस प्रवक्ता परम पूज्य निलेश महाराज के मुखारविंद से रस वर्षा हो रही है। सर्वप्रथम सोनांचल बस स्टैंड से मातृ शक्तियों द्वारा कलश पूजन कर कथा स्थल पूजा पार्क तक भव्य शोभा यात्रा निकाली गई जहां सैकड़ो के तादाद में मातृ-शक्तियों ने अपनी सहभागिता निभाई। दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक कथा चल रही है। इस दौरान कथा प्रवक्ता निलेश जी महाराज ने राम कथा सुनायी।उन्होंने कहा कि राम की महिमा अपरम्पार है।जीवन का आधार ही राम नाम है. श्रीराम कण-कण में रमण करने वाली शक्ति है और श्री राम की कथा का श्रवण करने से इंसान भवसागर से पार हो जाता है।श्रीराम की भक्ति मन, वचन और कर्म की शुद्धि का मार्ग प्रशस्त करती है। भगवान राम की कथा का श्रवण करना केवल पुण्य अर्जन नहीं, बल्कि आत्मा को जागृत करने का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु भागवान राम के आदर्शों को अपनाते हैं। उनका जीवन सार्थक और धन्य हो जाता है। सूर्य, चंद्रमा, अग्नि, वायु सभी में जो शक्ति है, वह राम नाम में समाहित है । कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालु रामचरितमानस ग्रंथ को माथे पर लेकर चलते रहे। इस दौरान जय श्रीराम के जयकारे लगाये पारंपरिक वाद्य यंत्र और मंगलध्वनि गूंज रहे थे। इससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। मुख्य रूप से प्रभात पांडे ,अर्जुन सिंह बघेल ,अश्वनी सिंह ,महेंद्र श्रॉफ, नरेश सिंह, जितेंद्र सिंह ,अरुण सिंह, रमेश गुप्ता, सत्य प्रसाद नामदेव, राजेश सिंह गहरवार, अंशुमान सिंह सहित सैकड़ो श्रद्धालु स्त्रोत उपस्थित रहे।



