सीधी

लोकायुक्त टीम ने 2 हजार की रिश्वत लेते हल्का पटवारी को किया ट्रैप “स्थगन आदेश में प्रतिवेदन देने के नाम पर मांगी गई थी रिश्वत”

आरोपी पटवारी
शिकायतकर्ता

सीधी शहर के दक्षिण करौंदिया वार्ड क्रमांक 10 विवेकानंद कॉलोनी में आज लोकायुक्त रीवा की टीम ने दबिश देते हुए तहसील चुरहट के हल्का नंबर 20 मवई वृत्त धुम्मा के पटवारी शिव प्रताप सिंह उम्र 46 वर्ष को 2 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया। यह रिश्वत स्थगन आदेश में पटवारी प्रतिवेदन देने के नाम पर ली जा रही थी। लोकायुक्त पुलिस रीवा के अनुसार शिकायतकर्ता राजेश सिंह निवासी ग्राम दुअरा, पोस्ट टीकट कला, तहसील व थाना चुरहट जिला सीधी द्वारा लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत आवेदन प्रस्तुत किया गया था। शिकायत में कहा गया था कि नायब तहसीलदार चुरहट न्यायालय में चल रहे स्थगन प्रकरण में प्रभारी पटवारी हल्का मवई शिव प्रताप सिंह से पटवारी प्रतिवेदन मांगा गया था। प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के एवज में पटवारी शिव प्रताप सिंह द्वारा 5 हजार रुपए रिश्वत की मांग की गई थी। जिसमें शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपए ले लिए गए थे और शेष 2 हजार रुपए की मांग की जा रही थी। शिकायत प्राप्त होने पर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लोकायुक्त संभाग रीवा द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया। शिकायत सत्यापन के दौरान आरोपी ने शिकायतकर्ता से 2 हजार रुपए रिश्वत की मांग की गई। लिहाजा पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आज 8 नवंबर 2025 को टीम गठित कर ट्रैप कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। लोकायुक्त टीम आज सुबह पटवारी के सीधी स्थित आवास के सामने सिविल ड्रेस में आकर अपना मोर्चा संभाल लिया था। शिकायतकर्ता राजेश सिंह पटवारी के आवास में पहुंचा और 2 हजार रिश्वत देने के बाद बाहर मौजूद लोकायुक्त टीम को इशारा भेजा। जिसके बाद लोकायुक्त टीम के सदस्यों नें आवास के अंदर पहुंचकर पटवारी शिव प्रताप सिंह को रिश्वत की राशि के साथ दबोच लिया। लोकायुक्त टीम आरोपी और शिकायतकर्ता को लेकर आगे की कार्रवाई के लिए सर्किट हाउस पहुंची। यहां देर शाम तक लोकायुक्त की कार्रवाई चलती रही। आरोपी के विरुद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधन अधिनियम 2018 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई शुरु की। रिश्वत लेते हल्का पटवारी के आज ट्रैप होने की खबर आग की तरह फैलते ही राजस्व विभाग को रिश्वतखोर अमले में हडक़ंप मच गया है।

एक सप्ताह के भीतर लोकायुक्त की सीधी में दूसरी कार्रवाई –

लोकायुक्त पुलिस रीवा ने आज एक सप्ताह के भीतर सीधी में रिश्वत लेते ट्रैप की दूसरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इससे पूर्व 10 हजार की रिश्वत लेते सिहावल में छात्रावास अधीक्षक को ट्रैप किया गया था। आज 2 हजार की रिश्वत लेते हल्का पटवारी मवई शिव प्रताप सिंह को लोकायुक्त टीम ने ट्रैप किया। हल्का पटवारी को ट्रैप करने की कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रर्वा किए जाने के निर्देश पर उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त संभाग रीवार की टीम द्वारा की गइ्र्र। ट्रैपकर्ता अधिकारी संदीप सिंह भदौरिया निरीक्षक थे। वहीं ट्रैप दल के सदस्य में उप पुलिस अधीक्षक प्रवींण सिंह परिहार, उप निरीक्षक आकांक्षा पाण्डेय, प्रधान आरक्षक सुरेश कुमार, मुकेश मिश्रा, पवन पाण्डेय, आरक्षक मनोज मिश्रा, लवलेश पाण्डेय, शिवेन्द्र मिश्रा शामिल रहे।

इनका कहना है-

शिकायतकर्ता द्वारा शिकायत की गई थी कि हल्का पटवारी मवई द्वारा स्थगन आदेश में पटवारी प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के एवज में 5 हजार की रिश्वत की मांग की गई थी। जिसमें 3 हजार रुपए ले लिए गए हैं और शेष 2 हजार रुपए की मांग की जा रही है। उक्त शिकायत पर आज लोकायुक्त टीम द्वारा हल्का पटवारी मवई को 2 हजार की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया।

संदीप सिंह भदौरिया, निरीक्षक
लोकायुक्त रीवा

Related Articles

Back to top button