एनटीपीसी लिमिटेड का हर्षोल्लास से मना 51 वां स्थापना दिवस

एनटीपीसी विंध्याचल में शुक्रवार को एनटीपीसी लिमिटेडका 51 वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह, गर्व और सतत विकास के प्रति नव संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रशासनिक
भवन प्रांगण में परियोजना प्रमुख संजीव कुमार साहा द्वारा ध्वजारोहण एवं प्रेरणादायक संबोधन से हुई। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, परिजनों और सहयोगियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए एनटीपीसी की यात्रा की सराहना की, जो एक कोयला आधारित विद्युत उत्पादक से वैश्विक स्तर पर विविध और सतत ऊर्जा समाधान प्रदान करने वाले अग्रणी संगठन के रूप में विकसित हुआ है। स्थापना दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत अंबेडकर स्टेडियम में एक विशाल वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया, जिसमें आँवला, जामुन और अमरूद के 2000 फलदार पौधे रोपे गए। साथ ही परियोजना की सीएसआर पहल के अंतर्गत ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान सिंगरौली के सहयोग से संचालित सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम की 17 लाभार्थियों को सिलाई मशीनें वितरित की गई। जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहन मिला। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य और नवाचार को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर 7 पावर एक्सेल अवॉर्ड तथा 5 एम्प्लॉयी ऑफ द ईयर अवॉर्ड प्रदान किए गए। साथ ही राघवेंद्र प्रसाद अपर महाप्रबंधक द्वारा रचित प्रेरक पुस्तक टॉक द वॉक का विमोचन भी साहा एवं वरिष्ठ प्रबंधन टीम द्वारा किया गया।



