सीधी

मानवता की मिसाल: सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने बेटी व मेडिकल टीम के साथ की घायल युवक की सर्जरी

सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय कर्तव्य का अद्भुत उदाहरण सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने शनिवार को प्रस्तुत किया। ग्राम बहेरा ढोल निवासी राम पांडेय पिता रामलखन पांडेय 20 वर्ष नेबुहा–लोबाई मार्ग पर बाइक और ट्रैक्टर की हुई तेज टक्कर में गंभीर रूप से चोटिल हो गए थे। युवक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टर रीवा रेफर करने की तैयारी कर रहे थे।इसी बीच घटना की गंभीर जानकारी लवलेश द्विवेदी ने सांसद डॉ. मिश्रा को फोन के माध्यम से दी। स्थिति की गंभीरता समझते हुए सांसद बिना किसी देरी के तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में मरीज की स्थिति का आकलन करने के बाद सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने उपचार की कमान स्वयं संभाली।इस दौरान सांसद के साथ उनकी बेटी एवं चिकित्सक डॉ. रंजना शुक्ला मिश्रा, जो नर्सिंग होम में पदस्थ हैं और उनके साथ डॉ. सतेंद्र शुक्ला भी पूरी प्रक्रिया में शामिल रहे। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों चिकित्सकों की टीम डॉ. राजेश मिश्रा, डॉ. रंजना शुक्ला मिश्रा और डॉ. सतेंद्र शुक्ला ने परामर्श कर तत्काल सर्जरी करने का निर्णय लिया।घायल युवक के शरीर में अत्यधिक रक्तस्राव एवं आंतरिक चोटें थीं और थोड़ी सी भी देर उसकी जान पर भारी पड़ सकती थी। ऐसे संकटपूर्ण समय में संयुक्त रूप से की गई त्वरित सर्जरी सफल रही और युवक की जान बचा ली गई।सांसद डॉ. मिश्रा ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि युवक की हालत बेहद गंभीर है, इसलिए समय बर्बाद किए बिना आपातकालीन उपचार शुरू करना अत्यंत आवश्यक था। उनकी तत्परता, चिकित्सकीय अनुभव और संवेदनशीलता ने एक परिवार को बड़ा दुख होने से बचा लिया।सांसद का यह मानवीय कदम पूरे जिले में प्रशंसा का विषय बन गया है। लोग कह रहे हैं—यह केवल राजनीति नहीं, सच्ची जनसेवा है। ऐसे जनप्रतिनिधि ही जनता की ताकत और भरोसा होते हैं।

Related Articles

Back to top button