सीधी

विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत मैराथन दौड़ एवं भव्य विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन

न्यायोत्सव – न्याय तक सबकी पहुंच सुनिश्चित करने का संकल्प

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी प्रयाग लाल दिनकर के मार्गदर्शन में विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत रविवार, 09 नवम्बर 2025 को भव्य मैराथन दौड़ एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री दिनकर की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, एसडीएम, विद्युत विभाग के वरिष्ठ अभियंता, जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण, अधिवक्तागण तथा विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मैराथन दौड़ में छात्रों का उत्साह-

मैराथन दौड़ का शुभारंभ जिला न्यायालय परिसर से होकर गांधी चौक तक किया गया, जिसमें जिले के अनेक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। “सभी के लिए न्याय”, “विधिक अधिकारों की जानकारी सबको” जैसे नारों से पूरा शहर विधिक चेतना और ऊर्जा से गूंज उठा।छात्र वर्ग में प्रथम स्थान पर लक्ष्मण सिंह, द्वितीय राजेश यादव तथा तृतीय प्रद्युम्न पांडे रहे। वहीं छात्रा वर्ग में प्रथम आराधना सिंह, द्वितीय दीपा सिंह तथा तृतीय सीमा सिंह रहीं। सभी विजेताओं को पुरस्कृत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

विधिक जागरूकता शिविर में मिली उपयोगी जानकारी-

मैराथन के उपरांत जिला न्यायालय परिसर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें अधिवक्तागण, न्यायिक अधिकारी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। शिविर में निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं, महिला एवं बाल अधिकारों, वरिष्ठ नागरिकों के संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा तथा मध्यस्थता के माध्यम से विवाद निपटान जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।वक्ताओं ने कहा कि विधिक सेवा सप्ताह का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक या सामाजिक कारणों से न्याय से वंचित न रहे। इस अवसर पर प्रतिभागियों को विधिक जागरूकता पुस्तिकाएं वितरित की गईं तथा सभी ने यह संकल्प लिया कि वे समाज में विधिक साक्षरता के प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाएँगे।कार्यक्रम का संचालन मुकेश शिवहरे सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन मनीष कौशिक जिला विधिक सहायता अधिकारी द्वारा किया गया। समापन अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने इस आयोजन को विधिक चेतना के प्रसार की दिशा में एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल बताया।

जेल में कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन 10 नवम्बर को-

विधिक सेवा सप्ताह के क्रम में दिनांक 10 नवम्बर 2025 को जिला जेल सीधी में भी एक कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा।इस पहल का उद्देश्य कैदियों को उनके कानूनी अधिकारों, पुनर्वास प्रक्रियाओं और मुफ्त कानूनी सहायता सेवाओं की उपलब्धता के बारे में शिक्षित करना है। कानूनी सहायता प्राप्त कैदियों के लंबित मामलों की अद्यतन जानकारी प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और समय पर न्याय सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा, भावनात्मक कल्याण को बढ़ावा देने और समाज में उनके प्रभावी पुनर्मिलन में सहायता के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और सहायता सुझाव भी साझा किए जाएँगे।

Related Articles

Back to top button