सीधी

दबंगों ने निर्माणाधीन भवन को गिराया

सीधी जिले के मड़वास तहसील अंतर्गत महखोर गांव में दबंगों ने निर्माणाधीन भवन को गिरा दिया। पीडि़तों द्वारा इसकी फरियाद मड़वास थाना के साथ ही मड़वास तहसीलदार के यहां की। जिस पर पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज की गई और तहसीलदार के आदेश का राजस्व निरीक्षक एवं हल्का पटवारी द्वारा मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया। राजस्व निरीक्षक द्वारा अपने प्रतिवेदन में कहा गया है कि ग्राम महखोर की पुरानी आराजी नंबर 407 से निर्मित नया खसरा नंबर 847 में रामेश्वर प्रसाद पिता अयोध्या प्रसाद गुप्ता द्वारा अपने स्वत्व व कब्जे की भूमि पर मकान का निर्माण कराया जा रहा था। दीवाल एवं बीम बन चुकी थी। ऊपर छत के लिए बीम की सेंटिंग का काम किया जा रहा था। 22 अक्टूबर 2025 को श्रमिक काम पर लगे हुए थे। दोपहर करीब 2 बजे मालती गुप्ता, ऊषा गुप्ता, आशा गुप्ता, राधा गुप्ता, आकाश गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, श्यामकली गुप्ता, किशोर गुप्ता, रामकिशोर गुप्ता, रामप्रताप गुप्ता, सुनील गुप्ता, धर्मकिशोर गुप्ता, विनय गुप्ता मौके पर पहुंचे और इनके द्वारा बीम हेतु लगाई गई सेंटरिंग और पड़ चुके बीम को गिरा दिया गया। साथ ही गाली-गलौच करते हुए खेत में की गई तार फेनसिंग को हटा दिया गया। पीडि़तों की सूचना पर डायल 112 पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव किया गया। आरोपियों के उक्त कृत्य से पीडि़तों को भारी क्षति हुई है। तत्संबंध में पीडि़त राजकली गुप्ता एवं उसके पति रामानुज गुप्ता द्वारा पुलिस एवं राजस्व प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।

Related Articles

Back to top button