न्यायोत्सव – जिला जेल सीधी में विधिक जागरूकता एवं योग शिविर का आयोजन

मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रयाग लाल दिनकर के मार्गदर्शन में न्याय एवं विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 9 से 14 नवम्बर तक न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज 10 नवम्बर को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी के तत्वावधान में जिला जेल सीधी में विधिक जागरूकता शिविर एवं योग शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों को उनके संवैधानिक अधिकारों, विधिक सहायता योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी प्रदान करना था। शिविर में उपस्थित बंदियों और अधिकारियों ने योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षक ने मानसिक स्वास्थ्य, एकाग्रता और अनुशासन बनाए रखने में योग की भूमिका पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात कानूनी सत्र में बंदियों को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुकेश कुमार शिवहरे और जिला विधिक सहायता अधिकारी मनीष कौशिक ने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को न्याय प्राप्त करने का समान अधिकार है। कोई भी व्यक्ति आर्थिक या सामाजिक कारणों से न्याय से वंचित नहीं रहेगा। प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क अधिवक्ता, परामर्श, आवेदन लेखन और अपील संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। सचिव मुकेश कुमार शिवहरे ने अपने उद्बोधन में कहा कि जेल की चारदीवारी के बाहर आपका कोई अपना इंतजार कर रहा है, इसलिए स्वस्थ मन उनके लिए तैयार करें। कानून और स्वास्थ्य दोनों व्यक्ति के सशक्तिकरण के आधार हैं। योग से मानसिक संतुलन प्राप्त होता है और विधिक जागरूकता से जीवन में न्याय की भावना स्थापित होती है।जिला शिक्षा अधिकारी पवन सिंह ने कहा कि आप सबका जीवन सुधार की दिशा में अग्रसर है। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाइए, क्योंकि योग शरीर, मन और आत्मा तीनों का संतुलन स्थापित करता है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और मानसिक शांति का माध्यम है।कार्यक्रम में मुकेश कुमार शिवहरे, कृष्ण कुमार तिवारी उप अधीक्षक जिला जेल, पवन सिंह जिला शिक्षा अधिकारी, योग प्रशिक्षक मनीष कौशिक, देवेंद्र प्रसाद मिश्रा, बाबूलाल सिंह, सत्यप्रकाश पांडेय, ऋषभ सिंह, विजयचंद्र गौतम, विनय तिवारी, अजीत वर्मा, संजीव सिंह, आशा शुक्ला, पूजा द्विवेदी, पैरालीगल वालंटियर्स तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी राजेश सिंह बघेल, उमाकांत शुक्ला, कुमोध यादव एवं जिला जेल का स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन मनीष कौशिक द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन जेल प्रशासन की ओर से किया गया।



