सीधी

बड़वाही गांव के घर में लगी आग, तीन बच्चे झुलसे

सीधी जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़वाही में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एक घर के कमरे में अचानक आग भड़क उठी। इस घटना में दो सगे भाई और उनकी 3 साल की बहन झुलस गई।इलाज के लिए सभी बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी में भर्ती कराया गया था। बच्चों की गंभीर हालत में सुधार न होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मंगलवार शाम करीब 4 बजे तीनों बच्चे जिला अस्पताल पहुंच गए, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
झुलसे हुए बच्चों में इंद्रबहादुर सिंह के पुत्र प्रमोद सिंह 9 वर्ष, विनोद सिंह 5 वर्ष और पुत्री कामिनी 3 वर्ष शामिल है।

अचानक लगी आग, नहीं पता चला कारण-

परिजनों के अनुसार हादसे के वक्त बच्चों की मां खेत में काम कर रही थी और तीनों बच्चे दादी के साथ घर में थे। बताया गया कि खेलते-खेलते बच्चे कच्चे मकान के एक कमरे में बंद हो गए और कुछ देर बाद वहां अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

दरवाजा तोड़कर बच्चों को निकाला-

दादी ने जब कमरे के अंदर से बच्चों के चीखने की आवाजें सुनीं तो उन्होंने दरवाजा खोलने की कोशिश की। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण वह उसे खोल नहीं सकीं। उन्होंने तुरंत शोर मचाया , हल्ला गुहार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने दरवाजा तोड़कर किसी तरह तीनों मासूमों को बाहर निकाला।
इस हादसे में प्रमोद और विनोद की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है। सीधी जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार उनके इलाज में जुटी है।

Related Articles

Back to top button