जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत ने सुनी 110 आवेदकों की समस्याएं निराकरण के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

जिला पंचायत सीधी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए 110 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदन पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं की वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा शीघ्र और पारदर्शी निराकरण के निर्देश दिए।सीईओ ने कहा कि जिन आवेदनों में समय-सीमा निर्धारित है उन्हें विभागीय अधिकारी प्राथमिकता से लेकर तत्काल समाधान सुनिश्चित करें और हितग्राही को सूचना देना अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्यवाही की जाए ताकि आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके।इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर प्रियल सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सभी उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार और जनपद पंचायतों के सीईओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय जनसुनवाई से जुड़े रहे।



