सीधी

‘न्यायोत्सव- विधिक सेवा सप्ताह’ के तृतीय दिवस पर विद्यालयों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रयाग लाल दिनकर के मार्गदर्शन में ‘न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी द्वारा कार्यक्रम के तीसरे दिन राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर विभिन्न विद्यालयों में विधिक जागरूकता और शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा का अधिकार अधिनियम, मौलिक अधिकारों, बाल विवाह निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम, बाल श्रम उन्मूलन, सायबर अपराध, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे प्रमुख कानूनी विषयों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना रहा। इसके लिए विभिन्न विद्यालयों में वाद-विवाद, निबंध लेखन, चित्रकला और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।इस अवसर पर मुकेश कुमार शिवहरे सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी तथा मनीष कौशिक जिला विधिक सहायता अधिकारी ने स्वयं विद्यालयों का भ्रमण कर बच्चों की प्रस्तुतियों का अवलोकन किया। दोनों अधिकारियों ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सांदीपनि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीधी, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पनवार, गणेश हायर सेकेंडरी स्कूल पड़रा और सर्वाेदय विद्या मंदिर विद्यालय सहित लगभग दस विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं का निरीक्षण किया।सचिव मुकेश कुमार शिवहरे ने बच्चों की रचनात्मकता और विधिक विषयों के प्रति उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि विजेता प्रतिभागियों को बाल दिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कृ देश का भविष्य हमारे विद्यार्थी हैं और उन्हें अपने अधिकारों और कर्तव्यों की सही जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। कानून केवल सजा देने का माध्यम नहीं बल्कि समाज में न्याय, समानता और व्यवस्था बनाए रखने का साधन है। हर विद्यार्थी को चाहिए कि वह विधिक रूप से जागरूक बने।मुकेश कुमार शिवहरे और मनीष कौशिक ने विद्यार्थियों को बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रत्येक व्यक्ति को न्याय प्राप्त करने का समान अवसर प्रदान किया जाता है। आर्थिक या सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों को निःशुल्क अधिवक्ता, परामर्श, आवेदन लेखन और अपील संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से आदर्श मिश्रा, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों को न्याय तक पहुंच को सुलभ बनाने, विधिक साक्षरता को जन-जन तक फैलाने और समाज में विधि के शासन को सुदृढ़ करने का संकल्प दिलाया गया।

Related Articles

Back to top button