बिना एनओसी लिए ही हो रहा है बाण सागर नहर के किनारे पानी टंकी का निर्माण कार्य

जल निगम की देखरेख में घर-घर पानी पहुंचाने के लिए एलसीसी कंपनी के द्वारा गांव-गांव में पानी की टंकी एवं पाइप लाइन का विस्तार किया जा रहा है। एलसीसी कंपनी को जब जहां राजस्व एवं वन भूमि की आवश्यकता होती है वहीं निर्माण कार्य कर दिया जाता है। संबंधित विभाग व संस्था से अनुमति लेना उचित नहीं समझा जाता। ग्राम पंचायत की बिना अनुमति के पंचायतों में टंकी का निर्माण किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग व एमपीआरडीसी से बिना अनुमति लिए ही मुख्य सडक़ की पटरी को खोदकर पाइप लाइन बिछाई जा रही है और सडक़ की पटरी में भरे सोल्डर व मुरुम को निकालकर मिट्टी डाल दी जाती है। जिससे यातायात काफी प्रभावित होता है। जल निगम के महाप्रबंधक से शिकायत किए जाने के बाद भी उनके द्वारा एलसीसी कंपनी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती। ऐसा प्रतीत होता है कि जल निगम में पदस्थ अधिकारी कर्मचारी शासन के नौकर नहीं हैं बल्कि एलसीसी कंपनी के नौकर हैं। जल निगम के महाप्रबंधक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एलसीसी कंपनी के इशारे पर काम करते हैं और फर्जी मूल्यांकन और फर्जी बिल बाउचर तैयार कर कंपनी को काफी लाभ पहुंचा रहे हैं। जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के अंतर्गत ग्राम पंचायत पटना में एलसीसी कंपनी के द्वारा बिना ग्राम पंचायत की एनओसी लिए बाणसागर नहर के किनारे प्रतिबंधित क्षेत्र में टंकी का निर्माण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत की सरपंच केे द्वारा तहसील रामपुर नैकिन में आवेदन देकर चालू निर्माण कार्य पर स्थगन ले लिया किंतु एलसीसी कंपनी के दबाव में आकर तहसीलदार के द्वारा स्थगन देने के बाद स्वयं स्थगन निरस्त कर शासकीय प्रतिबंधित बाणसागर नहर के किनारे की भूमि पर टंकी निर्माण की अनुमति प्रदान कर दी गई। जिले का पूरा राजस्व अमला एलसीसी कंपनी के इशारे पर ही काम कर रहा है और राजस्व अधिकारी एलसीसी कंपनी को मनमानी करने की खुली छूट दे रखे हैं। इतना ही नहीं एलसीसी कंपनी के अधिकारी पुलिस और राजस्व अमला को मिलाकर शिकायत करने वाले ग्रामीण जनों को प्रताडि़त भी कराया जाता है। एलसीसी कंपनी के नियम विरुद्ध एवं मनमानी तरीके से किए जा रहे कार्यों से ग्रामीण जन काफी परेशान हैं। जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के अंतर्गत एलसीसी कंपनी के द्वारा वन भूमि व राजस्व भूमि में बिना अनुमति के टंकी निर्माण का कार्य किया जा रहा है। जिसकी शिकायत होने के बाद भी जिला प्रशासन व जल निगम के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिसके कारण ग्रामीण जनों में काफी आक्रोश छाया हुआ है। कंपनी के द्वारा किसानों की निजी भूमि में भी जबरन पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। मना करने वाले किसानों को कंपनी के द्वारा डरा-धमका कर शांत करने का प्रयास भी किया जाता है।
बिना अनुमति के हो रहा है टंकी निर्माण: ऋषिराज
जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के उपाध्यक्ष ऋषिराज मिश्रा ने एलसीसी कंपनी पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कंपनी के द्वारा बिना ग्राम पंचायत व अन्य संबंधित संस्था से एनओसी लिए ही मनमानी तरीके से निर्माण कार्य किया जा रहा है। जिसकी शिकायत राजस्व अमला से किए जाने के बाद भी राजस्व विभाग के द्वारा एलसीसी कंपनी पर कार्रवाई करने की बजाय उनको संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होने बताया कि ग्राम पंचायत पटना में बिना पंचायत की एनओसी के बाणसागर परियोजना नहर की अधिग्रहण भूमि पर कंपनी के द्वारा टंकी निर्माण किया जा रहा है। जिसकी शिकायत तहसीलदार से किए जाने के बाद तहसीलदार द्वारा 28 अक्टूबर को निर्माण कार्य पर रोंक लगाते हुए स्थगन दे दिया था। उसके बाद जैसे ही कंपनी के अधिकारियों का दबाव तहसीलदार के ऊपर पड़ा तो तहसीलदार के द्वारा स्थगन को निरस्त कर दिया गया।



