लाड़ली बहना योजना से बढ़ी खुशियां – सरस्वती सोनी

सीधी नगर पालिका परिषद की निवासी श्रीमती सरस्वती सोनी मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत पहले 1250 रुपये प्रतिमाह प्राप्त कर रही थीं, जिससे वे अपने घर की आवश्यक जरूरतें पूरी करती थीं।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा योजना की राशि बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह किए जाने से वे बेहद खुश हैं। श्रीमती सोनी ने कहा कि सरकार ने हमारी चिंता समझी है, नवम्बर माह से 250 रुपये की बढ़ोतरी हमारे जैसे परिवारों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। अब घर के खर्च और बच्चों की जरूरतें अधिक सहजता से पूरी हो पा रही हैं। वे इस राशि का उपयोग रसोई सामग्री, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य देखभाल में करती हैं। श्रीमती सोनी का मानना है कि लाड़ली बहना योजना ने महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में नई पहचान दी है।



