सीधी

संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में पीएम जनमन योजना के कार्यों की समीक्षा – क्रियान्वयन में लाएं तेजी – सोलंकी

सीधी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यों एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत प्रस्तावित सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। सीईओ श्री सोलंकी ने कहा कि पीएम जनमन योजना का उद्देश्य जनजातीय समुदायों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, आवास, विद्युत जैसी आधारभूत सुविधाओं से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि यह योजना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता में शामिल है, अतः इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की उदासीनता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागों के बीच समन्वय बनाए रखते हुए कार्यों की प्रगति नियमित रूप से मॉनिटर करें। जिन कार्यों के लिए वन विभाग से अनुमति लंबित है, उनके संबंध में विभागीय स्तर पर समुचित संवाद स्थापित कर शीघ्र निपटारा किया जाए। यदि किसी कार्य में अनुमति नहीं मिल रही है, तो उसके स्पष्ट कारणों का उल्लेख करते हुए अपील की कार्यवाही की जाए। सीईओ सोलंकी ने कहा कि पीएम जनमन योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों से जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे का विकास सुनिश्चित होगा और लोगों के जीवन स्तर में ठोस सुधार आएगा। बैठक में वन विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, शिक्षा, स्वास्थ्य, जल संसाधन, ऊर्जा विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button