महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित


भारतीय रिजर्व बैंक के वित्तीय समावेशन विभाग द्वारा “वित्तीय समझदारी, समृद्ध नारी” शीर्षक के अंतर्गत जिला मुख्यालय सीधी स्थित मानस भवन में एकदिवसीय वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भारतीय रिजर्व बैंक भोपाल के अधिकारी अंकुश सिन्हा एवं धीरज गुप्ता, जिला पंचायत सीधी से अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनंजय मिश्रा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी मिनी अग्रवाल, अग्रणी जिला प्रबंधक अवध बिहारी चौधरी, एनआरएलएम से अजय सिंह तथा यूनियन बैंक के मुख्य प्रबंधक अमित कुमार उपस्थित रहे।शिविर के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं को वित्तीय समावेशन के मूल स्तंभों , बचत, बीमा, निवेश, पेंशन, ऋण खाते की पुनः केवाईसी, डिजिटल बैंकिंग एवं वित्तीय सतर्कता-जागरूकता से संबंधित विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। शिविर के समापन पर भारतीय रिजर्व बैंक भोपाल की ओर से एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 10 महिलाओं को पुरस्कृत किया गया।इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में वित्तीय ज्ञान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता को बढ़ाना था, ताकि वे अपने परिवार और समाज के आर्थिक सशक्तिकरण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।



