मध्यप्रदेश

आंगनवाड़ी केंद्रों में आज होगा ‘विद्यारंभ प्रमाण पत्र’ वितरण, बच्चों के स्कूल प्रवेश को मिलेगा बढ़ावा

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को प्राथमिक शालाओं में सहज प्रवेश दिलाने के उद्देश्य से 24 मार्च 2026 को ‘विद्यारंभ प्रमाण पत्र’ वितरित किए जाएंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों में संचालित प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा (ईसीई ) को सुदृढ़ करना तथा बच्चों को औपचारिक शिक्षा से जोड़ने की प्रक्रिया को सरल बनाना है। इससे न केवल बच्चों के स्कूल प्रवेश को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि समुदाय में आंगनवाड़ी केंद्रों के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा। जारी निर्देशों के अनुसार, पात्र बच्चों की संख्या का निर्धारण पोषण ट्रैकर के फरवरी 2026 के आंकड़ों के आधार पर किया जाएगा। इसके पश्चात पात्र बच्चों की सूची तैयार कर उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। 24 मार्च को जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में एक साथ ‘ग्रेजुएशन सेरेमनी’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम बाल चैपाल के अवसर पर आयोजित होगा, जिसमें बच्चों को सम्मानपूर्वक विद्यारंभ प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम को आकर्षक एवं प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्राथमिक शाला के शिक्षकों तथा अभिभावकों को आमंत्रित किया जाएगा। विशेष रूप से प्रत्येक प्रमाण पत्र पर 10 अंकों की एक यूनिक आईडी अंकित होगी, जिसमें आंगनवाड़ी केंद्र कोड, बच्चे की अपार आईडी तथा जारी वर्ष के अंतिम अंक शामिल होंगे। यह पहल आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका को शिक्षा के मजबूत आधार के रूप में और अधिक सुदृढ़ करेगी तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

Related Articles

Back to top button