सीधी

नवागत कलेक्टर विकास मिश्रा ने संभाला पदभार

प्रशासनिक कार्यों में संवेदनशीलता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

सीधी जिले में नवागत कलेक्टर विकास मिश्रा ने बुधवार को विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। श्री मिश्रा 2013 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी हैं। पदभार ग्रहण करने के उपरांत कलेक्टर ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा विभिन्न विभागों के कार्यों की प्राथमिक जानकारी ली। उन्होंने जिले की प्रशासनिक स्थिति, चल रही योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की। इस अवसर पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता और तत्परता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना होना चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि जिले में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ सेवा वितरण प्रणाली को अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा, ताकि नागरिकों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्राप्त हो सकें। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, संयुक्त कलेक्टर राजेश शुक्ला, उपखंड अधिकारी गोपद बनास राकेश शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

नवागत कलेक्टर का कलेक्ट्रेट निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश-

नवागत कलेक्टर विकास मिश्रा ने पदभार ग्रहण करने के पश्चात कलेक्ट्रेट कार्यालय के विभिन्न कार्यालयों एवं शाखाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयीन कार्यप्रणाली को व्यवस्थित, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने विशेष रूप से परिसर की साफ-सफाई एवं स्वच्छता पर ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुव्यवस्थित कार्यस्थल से न केवल कार्यक्षमता बढ़ती है, बल्कि आमजन के बीच प्रशासन की सकारात्मक छवि भी बनती है। कलेक्टर ने कार्यालयों में फैले बिजली के तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश देते हुए सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही उन्होंने अभिलेखों (रिकॉर्ड) के सुव्यवस्थित संधारण एवं रख-रखाव पर जोर देते हुए कहा कि सभी दस्तावेज अद्यतन एवं आसानी से उपलब्ध होने चाहिए, जिससे कार्यों के निष्पादन में गति आए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने कक्षों में नेम प्लेट एवं पहचान पत्र (आईडी) अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें, ताकि आम नागरिकों को संबंधित अधिकारी की पहचान में किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न शाखाओं में जाकर कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया और आवश्यक सुधार के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यालयीन व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार लाना समय की आवश्यकता है। इस दौरान अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button