प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस सीधी में ‘मार्केट रिसर्च टूल्स एंड मार्केट प्रोडक्ट फिट’ पर सफल प्रशिक्षण आयोजित

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस संजय गांधी स्मृति शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीधी के इन्क्यूबेशन सेंटर में ‘ट्रेनिंग ऑन मार्केट रिसर्च टूल्स एंड मार्केट प्रोडक्ट फिट’ विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों, युवा उद्यमियों एवं स्टार्टअप की दिशा में कार्य करने के इच्छुक युवाओं को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था, ताकि वे अपने नवाचारों को बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित कर सफलतापूर्वक स्थापित कर सकें। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह ने कहा कि इन्क्यूबेशन सेंटर छात्रों में उद्यमिता की भावना विकसित करने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी युग में सफल उद्यमिता के लिए बाजार अनुसंधान तथा उत्पाद-बाजार अनुकूलता (मार्केट प्रोडक्ट फिट) की गहरी समझ अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने मुख्य वक्ता श्री अभिलाष मेराबी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए छात्रों से अपील की कि वे इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को अपने भविष्य के स्टार्टअप में अवश्य लागू करें। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित अभिलाष मेराबी, महाप्रबंधक, जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र, सीधी ने बाजार अनुसंधान के विभिन्न आधुनिक टूल्स, डेटा संग्रहण एवं विश्लेषण की तकनीकों, उपभोक्ता व्यवहार की समझ तथा उत्पाद को बाजार की मांग के अनुरूप ढालने की रणनीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके साथ ही उन्होंने जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, सरकारी सहायता एवं उद्यमिता विकास कार्यक्रमों की भी जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण डॉ. के. एस. नेताम विभागाध्यक्ष भूगोल, डॉ. राकेश कुमार प्रजापति नोडल अधिकारी इन्क्यूबेशन सेंटर, डॉ. गुलाम मोहिउद्दीन सहायक नोडल अधिकारी, डॉ. अरसद अंसारी, श्री अरविंद सोनी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उच्च शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन के निर्धारित कैलेंडर के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



