सीधी

सरस्वती शिशु मन्दिर जिले का परीक्षा परिणाम 99.2 प्रतिशत रहा

राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा कल घोषित पांचवीं व आठवीं के परीक्षा परिणामों में सीधी जिलान्तर्गत संचालित नगरीय सरस्वती शिशु मन्दिर विद्यालयों का परीक्षा फल अठवीं का 99.2 प्रतिशत और पांचवीं का 98.3 प्रतिशत रहा। उक्त आशय की जानकारी देते हुए विद्या भारती के जिला सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि पांचवीं कक्षा में सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मड़रिया व चुरहट तथा हाई स्कूल सुभाष नगर, कोटहा के सभी भैया-बहिन प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। मझौली को छोड़कर सभी विद्यालयों का परिणाम शत-प्रतिशत रहा जबकि मझौली का 89 प्रतिशत रहा। इसी प्रकार आठवीं कक्षा में मड़रिया, सुभाष नगर, चुरहट, रामपुर नैकिन एवं मझौली का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा, जबकि करौंदिया सीधी का परिणाम 97.7 प्रतिशत और कोटहा सीधी का 93.3 प्रतिशत रहा। मड़रिया, कोटहा, सुभाष नगर सीधी, रामपुर नैकिन और मझौली के सभी भैया-बहिन प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। भैया-बहनों की इस उपलब्धि पर विद्या भारती के जिला सचिव विजय कुमार सिंह परिहार, विभाग समन्वयक उर्जांचल विभाग शिवानंद सिन्हा, जिला केंद्र विद्यालय के प्राचार्य राजकुमार सिंह, सभी विद्यालयों की समितियों के अध्यक्ष, व्यवस्थापक सहित अन्य सभी पदाधिकारियों व सदस्यों, सभी भैया-बहनों उनके अभिभावकों, सभी विद्यालयों के प्राचार्य, प्रधानाचार्य एवं आचार्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभ कामनाएँ सम्प्रेषित की हैं। जिला सचिव विजय सिंह ने यह भी बताया कि विद्या भारती के मार्गदर्शन में संचालित सभी सरस्वती शिशु मन्दिरों में गुणवत्तापूर्ण व संस्कारक्षम शिक्षा देने के लिए हम कृत संकल्प हैं। इसी दिशा में हमने इस वर्ष अपने सभी विद्यालयों में एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकें लागू करने का निर्णय लिया है। अभिभावकों की मांग को दृष्टिगत रखते हुए इस वर्ष कोटहा सीधी विद्यालय में अंग्रेजी माध्यम से शिक्षण प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। रामपुर नैकिन में पहले से ही अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं संचालित हैं। हमारे सभी विद्यालयों में हिन्दी माध्यम से शिक्षण के साथ-साथ अंग्रेजी शिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस वर्ष विद्या भारती महाकोशल प्रान्त ने वर्षों से चले आ रहे पारंपरिक गणवेश में भी तीसरी से बारहवीं तक बदलाव किया है।

Related Articles

Back to top button