सीधी

सोन नदी के गऊघाट में रस्सियों में बंधा तैरता मिला शव

• हत्या कर शव को फेंकने की आशंका से सनसनी

सीधी-पटपरा मार्ग में स्थित सोन नदी के गऊघाट में आज सुबह कपड़ा लगाकर रस्सियों में बंधा तैरता शव मिलने से हत्या की आशंका के चलते समूचे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद पानी में तैरते शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम  के लिए भेजा गया। जानकारी के अनुसार सोन नदी के गऊघाट में बीचोबीच पानी में आज सुबह करीब 9 बजे रस्सियों में बंधी शव को देवघटा निवासी अभिलाष साकेत ने देखा। आशंका होने पर अभिलाश ने पानी के अंदर उतरकर देखा तो कपड़े में लपेटकर शव को रस्सियों में बांधा गया था। ऊपर से बोरा भी लिपटा होने के कारण प्रथम दृष्टया ऐसी आशंका हुई कि हत्या के बाद संबंधित व्यक्ति को कपड़े में लपेटकर रस्सी बांधकर पानी में फेंका गया है। अभिलाष ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाना शुरू की। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए। पुल के ऊपर से जा रहे किसी राहगीर ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में पोस्ट कर दिया। जिसके बाद समूचे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई। इस घटना के सामने आने के बाद तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इसे रंजिश या सुनियोजित साजिश से जोडक़र देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले का खुलासा होने की संभावना है।
इनका कहना है –
शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण और समय स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। बोरे में शव को बंद कर रस्सियों से बांधकर नदी में फेंकने के तरीके से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास के इलाके में गुमशुदगी के मामलों की भी जांच कर रही है।

अभिषेक उपाध्याय, थाना प्रभारी कोतवाली

Related Articles

Back to top button