सीधी

आपदा प्रबंधन हेतु 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं आपदा प्रबंधन संस्थान भोपाल के सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत पीएम श्री संजय गांधी शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीधी में 5 दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अपर कलेक्टर बी.पी. पांडेय एवं एसडीएम राकेश शुक्ला के मार्गदर्शन तथा नोडल अधिकारी एल.बी. कोल के निर्देशन में किया गया। प्रशिक्षण प्लाटून कमांडर मयंक तिवारी द्वारा प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान भूकंप, बाढ़, आकाशीय बिजली, सर्पदंश, आगजनी, लू एवं सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही आपदा के दौरान एवं उसके बाद बरती जाने वाली सावधानियों पर भी प्रकाश डाला गया तथा उपकरणों का डेमोंस्ट्रेशन कर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. डॉ. के.एस. नेताम, प्रो. आई.पी. प्रजापति, एनसीसी प्रभारी प्रो. उमाकांत, डॉ. दिलीप सोनी, डॉ. गंगा देवी वैरागी सहित होमगार्ड, एसडीईआरएफ, कलेक्ट्रेट एवं विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस कार्यशाला में एनसीसी, एनएसएस, एनजीओ, एसडीईआरएफ, जिला होमगार्ड एवं महाविद्यालय के 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण सामग्री प्रदान की गई तथा भोजन एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम के समापन पर गीतांजलि जन कल्याण समिति के रविशंकर मिश्र द्वारा नशा के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। इसके पश्चात डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट एल.बी. कोल एवं एसआई मयंक तिवारी द्वारा सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी से प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button