सिंगरौली

मोरवा थाना इंचार्ज बनने आधा दर्जन निरीक्षक दौड़ में

मोरवा थाना प्रभारी की कुर्सी को लेकर जिले में इन दिनों जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। गुरुवार की दोपहर जैसे ही थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी के पीएसक्यू भोपाल तबादले की खबर सामने आई, वैसे ही जिले के आधा दर्जन से अधिक पुलिस निरीक्षक सक्रिय हो गए और कुर्सी की दौड़ तेज हो गई। सूत्रों की मानें तो जिले ही नही, बल्कि प्रदेश का मोरवा थाना जिले का महत्वपूर्ण और संवेदनशील थाना माना जाता है, ऐसे में यहां पदस्थ होने के लिए कई निरीक्षक लंबे समय से प्रयासरत थे। कपूर त्रिपाठी का महज ढाई महीने के भीतर तबादला होने के बाद यह कुर्सी एक बार फिर खाली हो गई है, जिससे दावेदारों के बीच होड़ और तेज हो गई है। टीआई कपूर त्रिपाठी की नवीन पदस्थापना एसपी ने 12 जनवरी को किया था। जानकारी के अनुसार कुछ निरीक्षक सीधे प्रभारी मंत्री व पुलिस अधीक्षक तक अपनी पकड़ मजबूत करने में जुट गए हैं, वहीं कुछ सियासी और प्रशासनिक स्तर पर भी सक्रिय हो चुके हैं। चर्चा है कि जिले के कई थानों सहित पुलिस लाइन में पदस्थ कई नाम इस दौड़ में शामिल हैं, जो मोरवा थाना प्रभारी बनने के लिए एक बार फिर से पूरी ताकत के साथ जोर अजमाइश लगा रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि पवन हत्याकांड के बाद से ही मोरवा थाना चर्चा में रहा है और अब प्रभारी के तबादले के बाद फिर से हलचल बढ़ गई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आखिर किस निरीक्षक को इस अहम थाने की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। फिलहाल पूरे पुलिस महकमे में अटकलों और चर्चाओं का दौर तेज है और हर कोई अपने-अपने तरीके से इस दौड़ में आगे निकलने की कोशिश में लगा हुआ है।हाई प्रोफाईल हो चुका है मोरवा थाना -गौरतलब हो कि जिले का मोरवा थाना काफी सुर्खियों के साथ-साथ हाई प्रोफाईल का हो चुका है। यहां का थाना प्रभारी बनने के लिए काफी कसरत एवं जुगाढ़ करनी पड़ती है। तब कहीं जाकर मोरवा थाना मिलता है। यह बात किसी से भी छुपी नही है, बल्कि पिछले तीन-चार वर्षो से पुलिस के प्रति रूचि रखने वाले व्यक्तियों को पता है। इस थाने में पदस्थापना के लिए कितने पापड़ बेलने पड़ते हैं और अब देखना है कि मोरवा थाने का कमान किसी निरीक्षक को सौपी जाती है। यह संभावना है कि दो-चार दिन के अंदर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। लेकिन चर्चा है कि मोरवा थाना को लेकर पीएचक्यू तक में भी खूब चर्चाएं होती हैं। इन निरीक्षको के नामों की चर्चा हुई तेज-सूत्र बताते हैं कि मोरवा थाना प्रभारी बनने के लिए मुख्य रूप से सरई थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह भदौरिया, माड़ा थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा, चितरंगी थाना प्रभारी सुधेश तिवारी, गढ़वा थाना प्रभारी विद्या वारिधि तिवारी, पुलिस लाइन में पदस्थ राकेश साहू राका, राजेन्द्र पाठक के नामों की चर्चाएं तेजी से शुरू हैं। वहीं यह भी बताते चले कि दो महीने पहले चितरंगी थाना प्रभारी सुधेश तिवारी एवं सरई टीआई जितेन्द्र सिंह भदौरिया भाग-दौड़ किये थे। जिसमें सुधेश को एक मंत्री के इशारे पर दौड़ लगा रहे थे। वहीं टीआई जितेन्द्र सिंह, एसपी व प्रभारी मंत्री के पसंद के चलते दौड़ में थे। अब इन आधा दर्जन से अधिक पुलिस निरीक्षक अचानक सक्रिय हो गये हैं। अब एसपी के पाले में गेंद है, फिर भी प्रभारी मंत्री से हरी झण्डी मिलने के बाद ही थाना प्रभारी एक-दो दिन में तय हो जाएंगे। बशर्ते विजय के यहां भी परिक्रमा करनी पड़ेगी।

Related Articles

Back to top button