महाविद्यालय मझौली में एचपीवी एवं मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम

मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग भोपाल के निर्देशानुसार शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय मझौली द्वारा गोद ग्राम जोबा में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में सात दिवसीय विशेष शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ समाज सेवा की भावना विकसित करना तथा उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. गीता भारती ने की। उन्होंने स्वयंसेवकों के अनुशासन, सेवा भावना एवं समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि एनएसएस युवाओं को समाज के प्रति उत्तरदायी बनाता है। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खंड चिकित्सा अधिकारी मझौली डॉ. संदीप कुमार शुक्ला ने एचपीवी टीकाकरण एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में सहायक है तथा सरकार द्वारा 14 वर्ष या उससे अधिक आयु की बालिकाओं को यह टीका निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। विशिष्ट अतिथि डॉ. राकेश तिवारी ने छात्राओं को पीसीओडी के बारे में जानकारी देते हुए संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी और कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार का आधार होती है। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने विशेषज्ञों से संवाद कर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। जिला पंचायत सदस्य कृष्ण लाल पायासी ने अपने उद्बोधन में कहा कि एनएसएस शिविर केवल श्रमदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक जागरूकता और सीखने का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. असलेंद्र जायसवाल ने शिविर का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम एवं विभिन्न बौद्धिक सत्र आयोजित किए गए।सात दिवसीय शिविर में सहभागिता करने वाले स्वयंसेवकों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में महिला इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रेनू सिंह बघेल ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, महाविद्यालय परिवार एवं स्वयंसेवी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।



