सिंगरौली

नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर भुईमाड़ संकुल में मंथन

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भुईमाड़ में मंगलवार को नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संकुल भुईमाड़ अंतर्गत समस्त हाई स्कूलों के प्राचार्य, प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के संस्था प्रमुखों ने सहभागिता की। बैठक का नेतृत्व बीआरसी सी कुशमी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी एवं संकुल प्राचार्य सुजीत कुमार सिंह द्वारा किया गया। बैठक में आगामी शिक्षा सत्र को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। 1 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले प्रवेश उत्सव की रूपरेखा तैयार की गई, जिसमें विशेष रूप से कक्षा 1 एवं कक्षा 6 में नए विद्यार्थियों के नामांकन पर जोर दिया गया। साथ ही कक्षा 1 से 12 तक विद्यार्थियों की कक्षा उन्नति, पाठ्यपुस्तक वितरण एवं साइकिल वितरण की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, कक्षा 5वीं एवं 8वीं के परीक्षा परिणामों के विश्लेषण, नियमित कक्षा संचालन तथा पीएम पोषण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई। प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में खाद्यान्न (चावल) उठाव, समय-चक्र निर्माण एवं स्कॉलर पंजी संधारण को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में 2 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित एसएमसी बैठक, “स्कूल चलें हम” अभियान अंतर्गत वीईआर सर्वे, तथा 1 अप्रैल को खेलकूद एवं बाल सभा आयोजन पर भी सहमति बनी। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों का नामांकन बढ़ाने, नियमित होमवर्क देने, बच्चों में लेखन क्षमता विकसित करने एवं उन्हें नियमित विद्यालय लाने के प्रयासों पर विशेष बल दिया गया।बैठक का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना तथा नवीन सत्र को सफलतापूर्वक संचालित करना रहा।

Related Articles

Back to top button