हाईकोर्ट ने पूर्व जपं उपाध्यक्ष की अपील पर जारी किया नोटिस

उच्च न्यायालय जबलपुर की डबल बेंच ने पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ऋषिराज मिश्रा की अपील याचिका को स्वीकार करते हुये 5 प्रतिवादियों को नोटिस जारी किया है। जारी नोटिस में सभी को 8 अप्रैल 2026 को न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिये गये हैं।बताते चलें कि जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के उपाध्यक्ष ऋषिराज मिश्रा के निर्वाचन को उच्च न्यायालय द्वारा पूर्व में सुनवाई के पश्चात शून्य घोषित कर दिया गया था। यह निर्णय चुनाव मैदान में उतरे दूसरे नम्बर के उम्मीदवार राकेश पाण्डेय की याचिका पर दिया गया था। जिसके विरूद्ध पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ऋषिराज मिश्रा ने उच्च न्यायालय की डबल बेंच में अपील याचिका क्रमांक डब्ल्यूए/742/2026 प्रस्तुत किया। याचिका के पक्षकार ऋषिराज मिश्रा विरूद्ध राकेश पाण्डेय की सुनवाई के पश्चात विद्वान न्यायाधीश ने चुनाव मैदान के अन्य 5 उम्मीदवारों संगीता यादव पति धीरेन्द्र कुमार यादव निवासी बुढग़ौना, अनुराग तिवारी पिता काशी प्रसाद तिवारी निवासी पिपरांव, राममिलन कुशवाहा पिता बैजनाथ कुशवाहा निवासी मझिगवां, नीलेश तिवारी पिता शंकर प्रसाद तिवारी निवासी करियाझर एवं मोहम्मद सलीम पिता गुलाम गौस निवासी पिपरांव को नोटिस जारी कर 8 अप्रैल 2026 को न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिये हैं।



