कमर्जी पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ी शराब की खेप, दो तस्कर गिरफ्तार

• 54 लीटर अवैध देसी मदिरा और तस्करी में प्रयुक्त बाइक ज़ब्त
सीधी जिले में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना कमर्जी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने अवैध मदिरा के परिवहन को नाकाम करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दिनांक 31 मार्च 2026 को थाना प्रभारी कमर्जी उपनिरीक्षक इन्द्राज सिंह को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि चुरहट की ओर से एक बिना नंबर की बाइक पर अवैध शराब की बड़ी खेप पटपरा की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम पटपरा के पास चुरहट-अमिलिया रोड स्थित तालाब के पास सामरिक घेराबंदी की। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक आती दिखी। पुलिस को देखते ही बाइक सवारों ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें चारों ओर से घेरकर दबोच लिया।आरोपी एवं ज़ब्ती का विवरण-पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान शिवम पटेल 19 वर्ष और राजू उर्फ अमरीश पटेल 42 वर्ष दोनों निवासी ग्राम धुम्मा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने अवैध शराब में 06 कार्टून देसी प्लेन मदिरा कुल 300 पाव, 54 लीटर जब्त की। जब्त अवैध शराब की अनुमानित कीमत: लगभग 24 हजार रुपये है। परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर बाइक कीमत लगभग 70 हजार रुपये जब्त की गई है । पुलिस ने कुल 94 हजार रुपये का मशरूका ज़ब्त कर आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। मामले में विवेचना जारी है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी उनि इन्द्राज सिंह, सउनि मनोज वर्मा, प्रआर अमर सिंह परिहार, आरक्षक अनिल सिंह और रमेश सिंह का विशेष योगदान रहा



