सीधी

हनुमानजी जयंती: प्रकटोत्सव पर हुए सामूहिक चालीसा पाठ, श्रद्धालुओं ने भंडारे में लिया प्रसाद

सीधी जिले में आज गुरुवार 2 अप्रैल को हनुमान जयंती का पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर शहर के सभी हनुमान मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। विशेष रूप से बेलबाग स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र रहा, जो अपनी अनूठी स्थिति के लिए प्रसिद्ध है। वीर बजरंगबली के प्रकटोत्सव पर शहर में भक्ति का माहौल देखा गया। मंदिरों में सुबह से ही भव्य तैयारियां की गई थीं। ज्योतिषियों ने बताया कि चैत्र मास की पूर्णिमा तिथि 1 अप्रैल से शुरू होकर 2 अप्रैल को सुबह 7:11 बजे तक थी, जिसके कारण उदया तिथि के आधार पर हनुमान जयंती 2 अप्रैल को मनाई गई। इस दिन ध्रुव योग और हस्त नक्षत्र का विशेष संयोग बना, जिसे पूजा-अर्चना के लिए अत्यंत शुभ माना गया। ज्योतिषियों के अनुसार सुबह 6:10 से 7:44 तक शुभमुहूर्त, दोपहर 12:00 से 12:50 तक अभिजीत मुहूर्त और शाम 6:49 से 8:06 तक संध्या पूजन का विशेष महत्व रहा। शहर के पुराना बस स्टैंड स्थित लगभग 200 वर्ष पुराने हनुमान मंदिर में सुंदरकांड पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर को लाल-पीले फूलों से सजाया गया था, जहां दिन भर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।शासकीय कन्या महाविद्यालय के सामने स्थित श्री संकट मोचन धाम में मानस पाठ का आयोजन हुआ, जो दोपहर 3 बजे संपन्न हुआ। इसके बाद एक विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। बेलबाग स्थित पुराना हनुमान मंदिर अपनी विशेष पहचान के लिए जाना जाता है। यह मंदिर बीच सड़क पर स्थित है, जिसके चारों ओर से वाहन गुजरते हैं। स्थानीय लोगों की मान्यता है कि लगभग 300 वर्षों में यहां कभी कोई दुर्घटना नहीं हुई है। व्यस्त बाजार और सड़क के बीच होने के बावजूद यह मंदिर आज भी सुरक्षित और अडिग खड़ा है।

Related Articles

Back to top button