बगदरा के लिए बड़ी सौगात, 56.60 किमी सड़क के कायाकल्प को मिली मंजूरी

• लोक निर्माण विभाग ने 15284.91 लाख रुपये की स्वीकृति दी
चितरंगी विधानसभा क्षेत्र के सबसे दूरस्थ अंचल बगदरा के लिए सड़क विकास को लेकर बड़ी सौगात मिली है। कैमोर पहाड़ से लेकर गोपला तक कई जगह सड़कों की हालत खराब है। स्थानीय जन दशको से पक्की सड़क की मांग करते आ रहे हैं। म.प्र. शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी प्रशासनिक स्वीकृति में जिले के अंतर्गत क्रमांक एक में दर्ज कार्य को मंजूरी प्रदान की गई है। इस स्वीकृति के अनुसार सिहावल, बघोर, बीछी-खैरपुर से बीछी-बगदरा गोपला, पड़री गेट तक मार्ग के उन्नयन और कायाकल्प का रास्ता साफ हो गया है। इस सड़क की कुल लंबाई 56.60 किलोमीटर बताई गई है, जबकि इसके लिए 15284.91 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह सड़क चितरंगी विधानसभा के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्र बगदरा के लिए जीवनरेखा मानी जाती है। उल्लेखनीय है कि खैरपुर से लेकर कैमोर पहाड़ तक पहले से सड़क पक्की डामर बनी हुई है, लेकिन लंबे समय से मरम्मत और उन्नयन की जरूरत महसूस की जा रही थी। अब शासन से मिली मंजूरी के बाद इस मार्ग का व्यापक कायाकल्प होगा, जिससे आवागमन पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क के उन्नयन से बगदरा क्षेत्र के ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में विकास कार्यों को भी गति मिलेगी। वर्षों से सड़क सुधार की मांग कर रहे ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के लिए यह निर्णय राहत भरी खबर माना जा रहा है। जल्द ही तकनीकी स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है।



