देर रात सडक़ में हुये विवाद में दोनो पक्ष के 16 लोग घायल

• जिला अस्पताल में भर्ती कराये गये घायल
सीधी जमोड़ी थाना अंतर्गत ग्राम कुर्रवाह पनिहवा टोला क्योटान के समीप गुरूवार देर रात हुये विवाद में 16 लोग घायल हो गये। प्रथम पक्ष से 9 लोग तथा दूसरे पक्ष से 7 लोग घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में जमोड़ी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।प्रथम पक्ष के फरियाद भागवत बसोर पिता इंदल बसोर उम्र 48 वर्ष निवासी भेलकी खुर्द ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि गुरूवार रात करीब 9 बजे मेरे बड़े भाई की बिटिया सोनिया बंशल तथा दामाद दिलीप बंशल अपनी बाइक से मेरे घर ग्राम भेलकी खुर्द आ रहे थे। राते में ग्राम कुर्रवाह पनिहवा टोला क्योटान के समीप पहुंचे तो कमल द्विवेदी, कृष्ण कुमार द्विवेदी, ब्रम्हा प्रसाद द्विवेदी तथा शंखधर द्विवेदी सडक़ पर बैठकर शराब पी रहे थे। इनके द्वारा बाइक को रूकवा कर पूंछा गया कि कहां जा रहे हो। इसके बाद चारों लोग मारपीट करने लगे। मौके पर से ही दामाद ने मोबाइल से इसकी सूचना घर पर दी। जिसके बाद सुखलाल बंशल, रमेश बंशल, संतोष बंशल, राहुल बंशल को लेकर मौके पर पहुंचा। यहां कुशल द्विवेदी, पंकज द्विवेदी तथा जागेश्वर द्विवेदी भी पहुंच चुके थे। सभी लोग गाली-गलौज करते हुये मारपीट शुरू कर दिये। मारपीट में भागवत बसोर, संतोष बंशल, रमेश बंशल, सुखलाल बंशल, मैनावती बंशल, राहुल बंशल, दिलीप बंशल, सोनिया बंशल तथा करण बंशल को चोटें आई हैं। वहीं दूसरे पक्ष से भी कुछ लोग घायल हुये हैं। जमोड़ी थाना पुलिस ने भागवत बसोर की रिपोर्ट पर 7 आरोपियो के विरूद्ध धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 126(2), 3(5) बीएनएस तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध), 3(2)(व्हीए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से फरियादी जागेश्वर उर्फ बेटऊ पिता नवल किशोर द्विवेदी उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम कुर्रवाह ने रिपोर्ट किया है कि वे ग्राम कुर्रवाह के उपसरपंच है, घटना के वक्त आरोपीगण बिना किसी बात के उनके साथ गाली-गलौज करने लगे, जब पूंछा गया कि क्या बात है तो उनके द्वारा लडक़ी-दामाद के साथ मारपीट की बात कही गई। अनभिज्ञता जाहिर करने पर लाठी-डंडा से मारपीट की जाने लगी। मारपीट में भागवत बंशल, संतोष बंशल, सुखलाल बंशल, रमेश बंशल, दिलीप बंशल, राहुल बंशल शामिल थे। इनके मारपीट से जागेश्वर द्विवेदी, कमल द्विवेदी, शंखधर द्विवेदी, कुशल द्विवेदी, ब्रम्हा द्विवेदी, पंकज द्विवेदी, कृष्ण कुमार द्विवेदी घायल हो गये। इनकी रिपोर्ट पर आरोपियों के विरूद्ध धारा 296(बी),115(2), 351(3), 3(5)बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।इनका कहना है-दोनो पक्षों की रिपोर्ट पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है, मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आयेंगे उनके आधारा पर विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी।
दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, थाना प्रभारी जमोड़ी



