अंबेडकर जयंती पर अंत्योदय स्वास्थ्य शिविरों की श्रृंखला, दूरस्थ गांवों में पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं

लुरघुटी, सिरसी, पोस्ता और बरबंधा में सैकड़ों ग्रामीणों का परीक्षण
सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष व कलेक्टर की मौजूदगी में स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन , ग्रामीणों को मिला लाभ
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जिले के दूरस्थ ग्रामों में “अंत्योदय स्वास्थ्य शिविर” आयोजित कर शासन की मंशा अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने को धरातल पर साकार किया गया। लुरघुटी, सिरसी, पोस्ता और बरबंधा में आयोजित इन शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार का लाभ उठाया। शिविरों में लुरघुटी में 180, सिरसी में 250, पोस्ता में 307 तथा बरबंधा में 110 हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग की टीमों द्वारा मरीजों का परीक्षण, परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। बीपी, शुगर, सिकल सेल एनीमिया एवं टीबी जैसी गंभीर बीमारियों की जांच कर प्रारंभिक स्तर पर ही रोगों की पहचान सुनिश्चित की गई। शिविरों में किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष फोकस रखा गया। गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर कुपोषित बच्चों की पहचान की गई तथा अभिभावकों को संतुलित आहार और पोषण संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं आधार कार्ड में सुधार की सुविधा भी शिविरों में उपलब्ध कराई गई, जिससे पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जा सका। पोस्ता शिविर में 22 किशोरियों का एचपीवी वैक्सीनेशन तथा 11 लोगों द्वारा रक्तदान किया गया, जो जनजागरूकता का सकारात्मक संकेत है। इस दौरान सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सिरसी एवं पोस्ता में शिविरों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और हितग्राहियों से संवाद किया। सिरसी शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने भी सहभागिता कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया एवं ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं कलेक्टर विकास मिश्रा ने पोस्ता शिविर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का अवलोकन किया।
लुरघुटी में जनपद अध्यक्ष कुसमी श्यामवती सिंह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ज्ञानेंद्र मिश्रा ने स्वयं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। ग्रामीणों ने शिविर की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने बताया कि शिविर में अनुभवी चिकित्सकों द्वारा जांच कर दवाइयां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में ऐसी सुविधाओं के लिए जिला मुख्यालय जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही शिविर लगने से सभी को सहज रूप से स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।
अंत्योदय ही हमारा लक्ष्य, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ – डॉ. राजेश मिश्रा
पोस्ता में “संकल्प से समाधान” अभियान के तहत सांसद द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए गए। इस अवसर पर सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आत्मसात करते हुए सरकार अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक विस्तार हुआ है और आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं गरीबों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण मुक्ति एवं जनजागरूकता पर विशेष बल दिया जा रहा है। अंत्योदय स्वास्थ्य शिविर इसी सोच का परिणाम हैं, जहां इलाज के साथ-साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। सांसद ने नागरिकों से अपील की कि वे नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराएं और शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं, ताकि एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण हो सके।
अंत्योदय की भावना के अनुरूप प्रशासन का लक्ष्य
कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि अंत्योदय की भावना के अनुरूप प्रशासन का लक्ष्य है कि स्वास्थ्य सेवाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहज रूप से पहुंचें। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके गांव में ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी व्यक्ति उपचार के अभाव में वंचित न रहे और प्रत्येक नागरिक स्वस्थ जीवन जी सके।



