सीधी

रैन बसेरा योजना से श्रमिकों को मिलेगा सुरक्षित आश्रय – डॉ. राजेश मिश्रा

श्रमिक कल्याण की दिशा में बड़ा कदम- धनहा में रैन बसेरा निर्माण का भूमिपूजन

सीधी जिले के जनपद पंचायत रामपुर नैकिन अंतर्गत ग्राम धनहा में मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल भोपाल द्वारा श्रमिक रैन बसेरा निर्माण योजना के तहत 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले रैन बसेरा भवन का भूमिपूजन कार्यक्रम सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। सांसद ने विधिवत पूजा अर्चना के साथ रैन बसेरा का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने श्रमिकों, गरीबों एवं वंचित वर्ग के उत्थान को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी है। श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका सीधा लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश सरकार भी श्रमिकों के कल्याण के लिए सतत प्रयासरत है। श्रमिक रैन बसेरा योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो श्रमिकों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने की दिशा में सहयोग प्रदान करेगी। सांसद ने कहा कि अक्सर श्रमिक वर्ग कार्य के सिलसिले में अपने गांवों से दूर शहरों और कस्बों में आता है, जहां उन्हें रात्रि विश्राम के लिए सुरक्षित स्थान नहीं मिल पाता। ऐसे में यह रैन बसेरा उनके लिए आश्रय का कार्य करेगा, जहां उन्हें स्वच्छ पेयजल, शौचालय, विश्राम की सुविधा एवं सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे न केवल उनकी कार्यक्षमता बढ़ेगी बल्कि उनके स्वास्थ्य और जीवन स्तर में भी सुधार आएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि श्रमिकों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने शासन की अन्य योजनाओं जैसे श्रमिक पंजीयन, मातृत्व सहायता, शिक्षा प्रोत्साहन, एवं आवास योजनाओं की जानकारी भी दी और अधिक से अधिक श्रमिकों को इन योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रदीप शुक्ला, डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, सहायक श्रम अधिकारी सुश्री आकांक्षा पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं श्रमिक भाई-बहन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button