सिंगरौली में अवैध कोयला कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, 40 टन कोयला सहित डंपर व जेसीबी जब्त

सिंगरौली जिले में अवैध खनन एवं कोयला भंडारण के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एक प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मोरवा गौरव पांडेय एवं खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में खनिज निरीक्षक अशोक मिश्रा तथा पुलिस विभाग थाना मोरवा द्वारा गठित संयुक्त दल द्वारा दिनांक 10 अप्रैल 2026 की देर रात्रि छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध कोयला कारोबार पर करारा प्रहार किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनसीएल परियोजना की निगाही खदान के समीप, रेलवे लाइन से लगभग 200 मीटर दूरी पर अवैध रूप से कोयले का भंडारण कर उसके परिवहन की तैयारी की जा रही थी। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची टीम ने करीब 40 टन कोयला जब्त किया। कार्रवाई के दौरान एक डंपर क्रमांक सीजी15 ईडी 7160 तथा एक जेसीबी मशीन इंजन क्रमांक एच 00343939 लावारिस स्थिति में बरामद की गई। छापेमारी के दौरान टीम को देखकर वाहन चालक मौके से फरार हो गए। तत्पश्चात जप्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाना मोरवा में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है। संबंधित वाहन मालिकों एवं संचालकों की जानकारी आरटीओ विभाग से प्राप्त की जा रही है, जिसके उपरांत विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस संयुक्त कार्रवाई में खनिज सर्वेयर सौरभ चौरसिया, पुलिस बल एवं होमगार्ड सैनिक राम सिंह एवं बृजेन्द्र पांडेय सहित अन्य जवान शामिल रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब्त कोयला एवं वाहनों के संबंध में खनिज नियमों के अंतर्गत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई प्रचलित है। प्रशासन की इस निर्णायक कार्रवाई से यह स्पष्ट संकेत गया है कि जिले में अवैध खनन एवं कोयला कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इससे अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों में असंतोष एवं भय का वातावरण व्याप्त है।



