सीधी

नारीशक्ति वंदन सम्मेलन में स्वावलंबन और उद्यमिता पर जोर

“लोकल टू ग्लोबल” के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल

एनआईसी केंद्र सीधी में आयोजित नारीशक्ति वंदन सम्मेलन में कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि महिलाएं समाज और जिले के विकास की प्रमुख आधारशिला हैं। उनके सक्रिय सहयोग और उद्यमिता के बिना समग्र विकास संभव नहीं है। कार्यक्रम के दौरान नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित सम्मेलन का सीधा प्रसारण भी देखा गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू रामजी सिंह सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, समाजसेवी एवं उद्यमी उपस्थित रहे। प्रसारण के बाद संवाद में कलेक्टर ने महिलाओं की उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए स्व-सहायता समूहों को लघु विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने “लोकल टू ग्लोबल” की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए उत्पादों की गुणवत्ता सुधार एवं विपणन में प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया। महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर एचपीवी टीकाकरण एवं चिरैया अभियान पर विशेष बल दिया गया। 14 वर्ष से अधिक आयु की पात्र बालिकाओं का 30 अप्रैल तक टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सामाजिक सरोकारों पर चर्चा करते हुए बाल-विवाह जैसी कुरीतियों को समाप्त करने में महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया। साथ ही घरेलू सहायकों एवं वंचित वर्गों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने की अपील की गई। कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए जिले के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बाल कल्याण समिति की सदस्य रंजना मिश्रा, किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य निशा मिश्रा, समाजसेवी उमा सेन, ज्योति पटेल, अमृता सिंह, रेखा सिंह, महिला थाना प्रभारी रीता त्रिपाठी सहित सीडीपीओ शेषनारायण मिश्रा, शिवानंद शुक्ला, ममता सिंह, ज्योति विश्वकर्मा एवं अनुराग पाण्डेय उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button