सीधी

‘चिरैया’ कार्यक्रम एवं एचपीवी टीकाकरण के लिए प्रचार वाहनों को सांसद ने दिखाई हरी झंडी

जिला चिकित्सालय से रवाना होकर शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में करेंगे जागरूकता

किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण को ध्यान में रखते हुए संचालित ‘चिरैया’ कार्यक्रम तथा एचपीवी टीकाकरण अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला चिकित्सालय सीधी से दो सुसज्जित प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बबीता खरे, सिविल सर्जन डॉ. एसबी खरे, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सीएमओ प्रिया पाठक, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. नागेंद्र बिहारी दुबे सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे। प्रचार वाहन बैनर, पोस्टर एवं ऑडियो जिंगल से सुसज्जित हैं, जो जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से अभियान का प्रचार करेंगे। इसके तहत 14 से 15 वर्ष 3 माह तक की बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण तथा 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य परीक्षण, एनीमिया रोकथाम एवं पोषण परामर्श की जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीका एक प्रभावी सुरक्षा कवच है। अभिभावकों को चाहिए कि वे समय पर अपनी बेटियों का टीकाकरण कराएं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बबीता खरे ने बताया कि यह टीकाकरण पूरी तरह सुरक्षित है तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा। डिप्टी कलेक्टर प्रिया पाठक ने ‘चिरैया’ कार्यक्रम को किशोर-किशोरियों के स्वस्थ और सशक्त भविष्य की आधारशिला बताते हुए सभी विभागों एवं समाज के सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. नागेंद्र बिहारी दुबे ने बताया कि यह टीका विश्व के कई देशों में उपयोग में है और पूरी तरह सुरक्षित है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक लोगों तक अभियान की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया।जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि प्रचार वाहनों के माध्यम से दी जा रही जानकारी को गंभीरता से लेते हुए पात्र बच्चों का टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराएं।

Related Articles

Back to top button