अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान तेज, 31 प्रकरण दर्ज, 108 लीटर शराब जब्त

सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा विनिर्माण, विक्रय एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। जिला आबकारी अधिकारी संतोष सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। 01 अप्रैल से 12 अप्रैल 2026 के बीच अवैध मदिरा विक्रय केंद्रों एवं ढाबों पर कार्रवाई करते हुए कुल 31 प्रकरण दर्ज किए गए तथा 108 लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई। सभी प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(ए) एवं (एफ) के तहत पंजीबद्ध किए गए हैं। अभियान के दौरान यह भी पाया गया कि मदिरा दुकानों के आसपास नमकीन, चना एवं अंडे के ठेलों पर लोगों का जमावड़ा रहता है। इस पर कार्रवाई करते हुए 12 अप्रैल 2026 को शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक विशेष अभियान चलाकर ऐसे ठेले हटवाए गए। साथ ही अनुज्ञप्तिधारियों को निर्देशित किया गया कि मदिरा दुकानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए ठेले लगाने पर प्रतिबंध रहेगा। विभाग द्वारा इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रखने की बात कही गई है।



