सीधी

एक्सीलेंस एकेडमी में भव्य आयोजन: अंबेडकर जयंती पर सम्मान समारोह

• छात्रों की प्रतिभा ने जीता दिल

सीधी जिले के चुरहट स्थित एक्सीलेंस एकेडमी एवं कोचिंग सेंटर में वार्षिक उत्सव, डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अभिभावकों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी ने इसे खास बना दिया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक शरतेंदु तिवारी का प्रतिनिधित्व करते हुए संजय तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता पीएम जेएनवी चुरहट के प्राचार्य डॉ. डीके त्रिपाठी ने की। मंच पर अशोक तिवारी, राजनीश शुक्ला, अधिवक्ता रमेश सिंह, विजय सिंह, सुखनंदन सोनी सहित कई प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति रही।विंध्य के चर्चित गायक अशीष अकेला पंचू की प्रस्तुति ने माहौल को जीवंत कर दिया। वहीं छात्रों ने राजस्थानी, हरियाणवी, छत्तीसगढ़ी और ओडिसी लोकनृत्यों की दमदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। समारोह के दौरान पढ़ाई और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों का स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया। कार्यक्रम की सफलता में पैट्रन राजकुमार गुप्ता, व्यवस्थापक प्रशांत गुप्ता, प्रधानाध्यापक प्रतीक गुप्ता सहित पूरे स्टाफ की अहम भूमिका रही। शिक्षकों और समन्वयक टीम ने आयोजन को सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने में पूरा योगदान दिया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन हीना कौसर ने किया, जबकि कोरियोग्राफी ज्योत्सना गुप्ता के निर्देशन में तैयार की गई प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और उपस्थित जनों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button