सीधी

हाईस्कूल पुरैईनडोल का शानदार परीक्षा परिणाम, 91 प्रतिशत विद्यार्थी सफल

माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा बुधवार को घोषित 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में वनांचल क्षेत्र स्थित शासकीय हाईस्कूल पुरैईनडोल ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित करते हुए 91 प्रतिशत परीक्षा परिणाम दर्ज किया। विद्यालय के प्राचार्य द्वारा विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम आने के बाद विद्यालय बुलाकर मुंह मीठा कराया एवं बधाई दिया। विद्यालय के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से क्षेत्र में हर्ष और गौरव का वातावरण व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय में कुल 14 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें से 12 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। इनमें से 11 छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल कर विद्यालय का मान बढ़ाया। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश के बावजूद विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का प्रतिफल है। विद्यालय के प्राचार्य अजीत सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों द्वारा सतत मार्गदर्शन, अतिरिक्त कक्षाओं एवं नियमित परीक्षणों के माध्यम से विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए तैयार किया गया। यही कारण है कि विद्यालय ने उत्कृष्ट परिणाम प्रस्तुत किया। इस सफलता पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही विद्यालय परिवार को इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Back to top button