शिवसेना ने सोशल मीडिया पर जातिसूचक टिप्पणियों से बढ़ रहे तनाव पर कड़ी कार्रवाई की रखी मांग

• कोई भी जातिवादी टिप्पणी करे तत्काल कार्यवाही हो :विवेक
शिवसेना इकाई के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पाण्डेय द्वारा जिला पुलिस अधीक्षक को एक लिखित निवेदन सौंपकर सोशल मीडिया पर बढ़ रही जातिवादी और भड़काऊ गतिविधियों पर चिंता व्यक्त की गई है। संगठन ने आरोप लगाया है कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया का दुरुपयोग करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर विभिन्न वर्गों—सामान्य, ओबीसी, एससी एवं एसटी—के बीच वैमनस्य फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।निवेदन में कहा गया है कि ऐसे लोग व्यक्तिगत स्वार्थ और सस्ती लोकप्रियता के लिए समाज में तनाव एवं विवाद की स्थिति उत्पन्न कर रहे हैं। हाल ही में अमिलिया थाना क्षेत्र में हुई घटना को इसका उदाहरण बताया गया है। साथ ही, यह भी उल्लेख किया गया कि कुछ व्यक्ति लगातार ऑनलाइन और जमीनी स्तर पर भ्रामक व जातिवादी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका है। शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पाण्डेय ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर उनकी सोशल मीडिया गतिविधियों की निगरानी की जाए तथा साइबर सेल के माध्यम से आपत्तिजनक सामग्री पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा, स्थानीय प्रशासन से क्षेत्र में सतत निगरानी रखने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। संगठन ने विश्वास जताया है कि पुलिस प्रशासन इस मामले में शीघ्र और प्रभावी कदम उठाएगा, जिससे क्षेत्र में शांति और सौहार्द बना रहेगा। प्रमुख रूप से शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे, जिलाध्यक्ष बेनाम सिंह बघेल उर्फ भोले, जिला महामंत्री सुनील रावत,नगर अध्यक्ष जैनेंद्र सिंह चौहान उर्फ मुन्ना, नगर सह संयोजक राजन मिश्रा सहित कई शिवसैनिक मौजूद रहे।



