नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के तहत निबंध, पोस्टर प्रतियोगिता व व्याख्यान आयोजित

मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय महाविद्यालय मड़वास में ‘नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा’ के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। दिनांक 15 अप्रैल 2026 को ‘शिक्षा से सशक्तीकरण’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें पांच प्रतिभागियों ने भाग लिया। वहीं 16 अप्रैल 2026 को “कल की महिला नेतृत्व” विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें चार प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पखवाड़े की अगली कड़ी में 17 अप्रैल 2026 को “कार्यस्थल पर लैंगिक समानता” विषय पर व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। विषय परिचय नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा की प्रभारी डॉ. निशा सिंह द्वारा कराया गया। मुख्य वक्ता श्रीमती लक्ष्मी ताम्रकार ने कहा कि नारी का जीवन संघर्षों से भरा होता है और यही संघर्ष उसे आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। सह वक्ता श्रीमती मानसी चौरसिया ने कहा कि अब समय आ गया है कि समाज से भेदभाव को मन से समाप्त किया जाए। वहीं शिक्षिका श्रीमती आकृति नामदेव ने नारी अधिकारों का समर्थन करते हुए कहा कि अब केवल शब्दों से नहीं, बल्कि कार्यों के माध्यम से आगे बढ़ने की आवश्यकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य गोपाल चौरसिया ने की। उन्होंने लैंगिक समानता में बाधक रूढ़िवादिता एवं पूर्वाग्रह को समाप्त करने की आवश्यकता पर बल दिया। वरिष्ठ विद्वान डॉ. दीपक अग्निहोत्री एवं तेज प्रताप कुशवाहा ने भी महिला सशक्तीकरण एवं समानता के पक्ष में अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ज्योति रजक द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. निशा सिंह ने किया। अंत में उपस्थित वक्ताओं का महाविद्यालय परिवार द्वारा शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर डॉ. रामधारी जायसवाल, डॉ. राजेश पटेल, डॉ. सुरेंद्र गुप्ता, प्रवीण कुमार, डॉ. राजेश सिंह, अनिल केवट, विकास सेंगर, आरएसजी, अमन पटेल सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



