सीधी

भुईमाड़ थाने में शांति समिति की बैठक संपन्न, सामाजिक सौहार्द और सुरक्षा पर दिया गया विशेष जोर

सीधी जिले के भुईमाड़ थाना परिसर में शनिवार को थाना प्रभारी डी.डी. सिंह के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आगामी परशुराम जयंती के मद्देनजर क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखना था। इसमें नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में उपस्थित लोगों ने सर्वसम्मति से बताया कि थाना क्षेत्र में इस वर्ष कहीं भी परशुराम जयंती का सार्वजनिक आयोजन नहीं किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में शांति का वातावरण बना रहे। थाना प्रभारी ने कहा कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने बाल विवाह जैसे सामाजिक अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि कहीं भी ऐसी जानकारी मिले तो उसे रोकने का प्रयास करें और महिला एवं बाल विकास विभाग या पुलिस को तत्काल सूचित करें। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की।उन्होंने वैवाहिक कार्यक्रमों में भी सावधानी और संयम बरतने की सलाह दी। बैठक का समापन सामाजिक समरसता बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button