समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन में गुणवत्ता नियंत्रण के लिए बैठक, सर्वेयर्स को सख्त निर्देश

प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर उपार्जित गेहूं की गुणवत्ता एवं नियंत्रण सुनिश्चित करने हेतु 16 अप्रैल 2026 को अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि सभी सर्वेयर्स को आर.बी. एसोसिएट्स के माध्यम से खरीदी एजेंसी नागरिक आपूर्ति निगम, जिला सीधी को उपलब्ध कराया गया है। सर्वेयर्स को निर्देशित किया गया कि किसानों से प्राप्त स्कंध (उपज) की गुणवत्ता की प्रविष्टि सर्वेयर ऐप पर अनिवार्य रूप से करें तथा शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं। सभी सर्वेयर्स को यह भी निर्देश दिए गए कि उनके पास गुणवत्ता जांच किट अनिवार्य रूप से उपलब्ध हो तथा प्रत्येक किसान से प्राप्त एवं परिवहन किए गए स्कंध का नमूना सुरक्षित रखा जाए एवं उसका विधिवत अभिलेख (पंजी) संधारित किया जाए।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खरीदी उपरांत उपार्जित गेहूं की गुणवत्ता से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत पाए जाने पर संबंधित सर्वेयर की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी। गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



