समेकित स्वास्थ्य पहलः जांच, उपचार, पोषण और जागरूकता एक ही मंच पर

• शिविर में महिलाओं और किशोरियों पर विशेष फोकस
सीधी जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार तीसरे शनिवार स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को निःशुल्क एवं समेकित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविरों का आयोजन नेबूहा, बरमानी, कपुरी कोठार एवं डोल ग्रामों में किया गया, जहां क्रमशः 454, 196, 183 एवं 110 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग की टीमों द्वारा सामान्य स्वास्थ्य जांच, दवाओं का वितरण, परामर्श के साथ-साथ सिकल सेल एवं टीबी (क्षय रोग) की स्क्रीनिंग भी की गई। संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उन्हें आगे की जांच एवं उपचार हेतु चिन्हित किया गया तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बच्चों का वजन एवं ऊंचाई मापकर उनके पोषण स्तर का आकलन किया गया तथा कुपोषित बच्चों की पहचान कर आवश्यक पोषण परामर्श एवं सहयोग प्रदान किया गया। इसके साथ ही चिरैया अभियान के अंतर्गत किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें पोषण, स्वच्छता, एनीमिया नियंत्रण एवं व्यक्तिगत स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई।ग्राम नेबूहा में आयोजित शिविर में विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम की उपस्थिति रही, जिन्होंने ग्रामीणों को शिविर का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं कलेक्टर द्वारा बरमानी एवं नेबूहा में शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूरस्थ क्षेत्रों के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। इन शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य, पोषण एवं जागरूकता से संबंधित सेवाओं का एकीकृत लाभ ग्रामीणों को उनके गांव के समीप ही उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे समग्र स्वास्थ्य सुधार की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।



