सीधी

डीईआईसी सीधी में हृदय रोग विशेष स्वास्थ्य शिविर संपन्न, 120 मरीजों का परीक्षण

सीधी जिला चिकित्सालय परिसर स्थित जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र (डीईआईसी ) भवन में हृदय रोग से संबंधित विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला प्रशासन के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में लगभग 120 हितग्राहियों ने पंजीयन कराकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।शिविर का उद्घाटन राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. नागेंद्र दुबे द्वारा किया गया। इस दौरान जबलपुर से आए गैलेक्सी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के कार्डियक सर्जन डॉ. अखिलेश दुबे एवं उनकी विशेषज्ञ टीम द्वारा हृदय संबंधी परीक्षण, ईसीजी जांच एवं परामर्श सेवाएं प्रदान की गईं। परीक्षण के दौरान 8 मरीजों को चिन्हित कर ऑपरेशन हेतु रेफर किया गया।शिविर में डीईआईसी मैनेजर पुष्पेंद्र शुक्ला, डीडीआरसी सीधी के शिवांशु शुक्ला (ट्रांस डिसिप्लिनरी विशेष शिक्षक), राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से जुड़े चिकित्सक डॉ. विश्वता पांडे, डॉ. नागेंद्र सिंह सेमरिया, डॉ. दीपक त्रिपाठी, वरिष्ठ भौतिक चिकित्सक डॉ. रंजना सिंह सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय उपस्थिति रही। विशेषज्ञों द्वारा हितग्राहियों को हृदय रोग के लक्षण, बचाव के उपाय एवं समय पर जांच की आवश्यकता के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। शिविर का उद्देश्य क्षेत्र में हृदय रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समय पर निदान एवं उपचार सुनिश्चित करना रहा, जिससे गंभीर जटिलताओं से बचाव किया जा सके। बताया गया कि चिन्हित मरीजों को आयुष्मान योजना के अंतर्गत पात्रता के अनुसार निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

Related Articles

Back to top button