बढ़ौरा शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

भगवान शिव के प्रिय अधिमास माह के सोमवार को जिले के प्रसिद्ध बढौरा शिव मंदिर में आज सुबह से आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सीधी जिले सहित आसपास के जिलों और कस्बों से हजारों की संख्या में पहुंचे शिव भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। मिली जानकारी के अनुसार अधिमास के प्रारंभ होते ही प्रतिदिन सुबह लगभग 4 बजे भोर से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। एक अनुमान के मुताबिक सोमवार के दिन 10 हजार से अधिक श्रद्धालु शिव मंदिर बढ़ौरा पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सेमरिया थाना, बम्हनी पुलिस सहित अन्य स्थानों से आए पुलिसकर्मी मंदिर परिसर में तैनात रहे, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना अथवा चोरी की वारदात न हो सके। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर शिव मंदिर से पहले ही रोक लगा दी गई थी। सुरक्षाकर्मियों ने मंदिर से दूर ही वाहनों को रोककर यातायात व्यवस्था संभाली। मंदिर प्रांगण में नारियल, चुनरी और पूजन सामग्री की दुकानों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। दुकानों में जमकर खरीदारी होने से व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। वहीं दूसरी ओर वाहन पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें भी सामने आईं। मंदिर से लगभग 200 मीटर दूर बाइक खड़ी करने के नाम पर श्रद्धालुओं से 10 से 20 रुपये तक वसूले गए। इसके अलावा मंदिर परिसर और आसपास लगे होटल एवं खाद्य दुकानों में दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री भी खुलकर होती नजर आई। श्रद्धालुओं ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।



