सीधी

बस के पहिए के नीचे आये कंडक्टर की दर्दनाक मौत

– बस को पीछे करते समय हुआ भीषण हादसा

बस के पहिए के नीचे आने से कंडक्टर की मौके पर ही आज दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के वक्त चालक बस को पीछे कर रहा था और कंडक्टर उसको साइड बताते हुए अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। हादसा होते ही बस का चालक और क्लीनियर मौके पर से भाग खड़े हुए। यह भीषण सडक़ हादसा सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करमाई में सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम करमाई के समीप दीपक बस को चालक द्वारा रिवर्स करते समय यह घटना हुई। दर्दनाक हादसे के मृतक अजीत सिंह उम्र 40 वर्ष इसी बस में कंडक्टर थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करमाई गांव के पास मेडिकल कट पर एक यात्री को बस से उतरना था। बस तेज रफ्तार होने के कारण करीब 300 मीटर आगे जाकर रुकी, जिसके बाद चालक ने बस को मोडऩे के बजाय सीधे रिवर्स गियर में डाल दिया।              साइड बताने के दौरान कंडक्टर अजीत सिंह बस के पीछे-पीछे चल रहा था। इसी दौरान अचानक अजीत सिंह का संतुलन बिगड़ गया और वह सडक़ पर गिर पड़ा। इससे पहले कि वह संभल पाता, बस के पिछले दोनों पहिए उसके ऊपर से गुजर गए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के तुरंत बाद बस चालक और क्लीनर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बस में उस समय करीब 48 यात्री सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही मझौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।  पुलिस द्वारा फरार चालक की तलाश की जा रही है।

इनका कहना है –
प्रथम दृष्टया यह सडक़ दुर्घटना का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
विशाल शर्मा, थाना प्रभारी मझौली

Related Articles

Back to top button