ऑटो डील में देर रात लगी आग, दर्जनों बाइक जलकर खाक

गर्मी के दिनों में आग लगने की घटनाएं दिनों दिन बढ़ रही है। सीधी शहर में कन्या कॉलेज के समीप राकेश ऑटो डील में देर रात आग लगने से दर्जनों टू व्हीलर, मैजिक समेत अन्य सामान जलकर खाक हो गये। फायर ब्रिगेड पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने से 70-80 लाख की क्षति बताई जा रही है। राकेश ऑटो डील प्रतिष्ठान में पुरानी बाइक एवं स्कूटी बेंचने का कारोबार होता था। बताया जा रहा है कि आग शार्ट सर्किट से दुकान के भू-तल में रखे टू व्हीलरों में लगी। यहां 40-50 बाइक एवं कुछ स्कूटी रखी गई थी। आग लगने से भू-तल से तेज धुआं निकलना शुरू हुआ। फिर आग की तेज लपटें निकलने लगी। आसपड़ोस के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस एवं फायर ब्रिगेड को देने के साथ दुकान मालिक राकेश गुप्ता को दी। कुछ समय में फायर ब्रिगेड और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। फायर ब्रिगेड से आग पर कुछ देर में काबू पाया गया। आग की लपटों के प्रथम तल में भी पहुंच जाने से यहां रखी कुछ बाइक भी जल गई। गनीमत रही कि फायर ब्रिगेड के आ जाने से प्रथम तल में रखी अधिकांश आग से बच गई। फिलहाल घटना की जानकारी मिलने पर व्यापारी संघ अध्यक्ष लालचंद गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और घटना के प्रभावित व्यवसायी को सांत्वना प्रदान की।
आग लगने का कारण शार्ट सर्किट-
राकेश ऑटो डील में आग लगने के कारण मुख्य रूप से शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। भू-तल में रखे दो पहिया वाहन पूरी तरीके से जल करके खाक हो गए, जबकि प्रथम तल पर रखे अधिकांश दो पहिया वाहन बच गए, ऐसे में काफी छति हुई है। पुराने वाहनों में आग लगने से काफी क्षति हुई है जिसका टीम मौके पर पहुंचकर सर्वे कार्य में जुटी रही।
आग लगने से लाखों की क्षति हुई: राकेश
राकेश ऑटो डील के संचालक राकेश गुप्ता के द्वारा बताया गया की रात करीब 2 बजे मकान मालिक के द्वारा फोन के माध्यम से सूचना मिली की आग लगी हुई है। आने पर देखा कि फायर ब्रिगेड आग बुझा रही थी, लेकिन तब तक काफी क्षति हो चुकी थी। 40 से 50 वाहन जल करके पूरी तरीके से खाक हो गए थे। जिसकी अनुमानित नुकसान की कीमत 70 से 80 लाख रुपए है। मौके पर राजस्व विभाग की ओर से तहसीलदार राकेश शुक्ला पहुंचकर के निरीक्षण किए। राकेश ऑटो डील के संचालक राकेश गुप्ता के द्वारा घटना की रिपोर्ट कोतवाली थाना में दर्ज कराई गई है।
इनका कहना है –
दुकान में आग लगने की घटना की जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे थे, हल्का पटवारी को नुकसान का आंकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट तैयार कर उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और प्रशासन फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रहा है।
राकेश शुक्ला, तहसीलदार सीधी




