गंगा दशहरा पर नदी तट पर हुआ श्रमदान, जल संरक्षण का दिया संदेश

जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के द्वितीय चरण अंतर्गत गंगा दशहरा के अवसर पर विकासखंड सीधी के ग्राम बढ़ौरा में नदी तट पर श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता और जनजागरूकता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के शासी निकाय सदस्य कृष्णकांत द्विवेदी एवं जिला समन्वयक मुकेश कुमार गौर की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर कृष्णकांत द्विवेदी ने अपने उद्बोधन में जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जल बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामवासियों से जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने और जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ग्राम के सरपंच, सचिव, विकासखंड समन्वयक अनिल पाठक, नवांकुर, मेंटर, प्रस्फुटन के सदस्य, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीणजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान नदी तट की साफ-सफाई एवं श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया गया।



