गंगा दशहरा पर जनपद पंचायत देवसर में जल संरक्षण का महाअभियान

मध्यप्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत गंगा दशहरा के पावन अवसर पर जिले के जनपद पंचायत देवसर क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया। इस दौरान श्रमदान, स्वच्छता अभियान, बोरी बंधान, नदी-तालाबों की सफाई एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, महिलाओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। कार्यक्रमों में जनपद पंचायत देवसर अध्यक्ष प्रणव पाठक विभिन्न ग्राम पंचायतों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने जल संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए कहा कि जल ही जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का आह्वान किया। ग्राम पंचायत चरकी के गोलिया तालाब में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान जल संरक्षण के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में सरपंच करण सिंह, लखपति सिंह,राममनोहर सिंह सहित स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
वहीं ग्राम पंचायत ईटार की सेमरा नदी में ग्रामीणों के साथ उत्साहपूर्वक श्रमदान एवं बोरी बंधान किया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण और जनभागीदारी को आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला बताते हुए लोगों को जल बचाने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर सरपंच राम प्रकाश वैश्य, एडीओ रामजी माझी, एपीओ शशिकांत तिवारी, उपयंत्री सुमित वर्मा, पंच छोटेलाल वैश्य, सचिव राजकिशोर धर द्विवेदी, ग्राम रोजगार सहायक योगेंद्र शुक्ला, जन अभियान परिषद ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रभु दयाल दहिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे। इसी क्रम में ग्राम पंचायत पुरवा में कोतरी नदी घाटों की साफ-सफाई कर स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं वृद्धजनों की मांग पर वासुदेव (पीपल) वृक्ष के नीचे चबूतरा निर्माण कार्य का शुभारंभ कन्याओं के कर-कमलों द्वारा नारियल फोड़कर कराया गया। साथ ही स्थानीय सरपंच एवं सचिव को शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर सरपंच नीलेश चतुर्वेदी, प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष विनय चतुर्वेदी डब्बू, सचिव अनिल द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।गंगा दशहरा के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि जल संरक्षण केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जन-जन की भागीदारी से ही जल स्रोतों का संरक्षण संभव है। जनपद पंचायत देवसर क्षेत्र में चल रहे इस अभियान ने ग्रामीण अंचलों में नई जागरूकता पैदा की है और लोगों को जल बचाने के लिए प्रेरित किया है। ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि वे अपने गांवों के तालाब, कुएं, नदी एवं अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।



