सीधी

गंगा दशहरा पर जल संरक्षण का संकल्प, भगवार की बरी नदी में महाआरती के साथ गूंजा “पानी बचाओ” का संदेश

सीधी जिले के कुसमी क्षेत्रांतर्गत ग्राम पंचायत भगवार में गंगा दशहरा के पावन अवसर पर बरी नदी तट पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। सोमवार शाम आयोजित इस धार्मिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता कर जल संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को जल के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए जल बचाने का संदेश देना रहा। महाआरती के दौरान पूरे वातावरण में भक्ति, आस्था और जनजागरूकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। दीपों की रोशनी और जयकारों के बीच उपस्थित लोगों ने “जल ही जीवन है” का संदेश देते हुए पानी की एक-एक बूंद बचाने की शपथ ली। वक्ताओं ने कहा कि लगातार घटते जलस्तर और बढ़ते जल संकट को देखते हुए अब समाज को जागरूक होकर जल संरक्षण की दिशा में गंभीर प्रयास करने होंगे।इस अवसर पर उपखंड अधिकारी कुसमी शैलेश द्विवेदी द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। उन्होंने जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने तथा अनावश्यक जल बर्बादी रोकने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह, ग्राम पंचायत कोडार की सरपंच सीता सिंह, ग्राम पंचायत भगवार की सरपंच चेतना सिंह, एसडीएम शैलेंद्र द्विवेदी, तहसीलदार नारायण सिंह, बीआरसीसी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी, नायब तहसीलदारगण, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी माया गिरी, सुपरवाइजर मान कुमारी पनाडिया, एसआरएलएम से सुरजीत सिंह, सुशील त्रिपाठी तथा ग्राम पंचायत सचिव भगवार रामभद्र शुक्ल विशेष रूप से उपस्थित रहे।इसके अलावा समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजन के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे जल स्रोतों को स्वच्छ रखें, जल संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और प्रकृति के इस अमूल्य संसाधन को बचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Related Articles

Back to top button